बीजापुर, 29 नवम्बर। Bijapur Maoist Dump: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए माओवादी डंप से 3.84 किलो सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 28 नवंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के जंगल में माओवादी डंप छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में DRG, भैरमगढ़ थाना और BDS की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान शुरू किया।
टीम ने भैरमगढ़ से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर इन्द्रावती नदी के आसपास चिन्हित इलाके में तलाशी ली। इस दौरान BDS की डिमाइनिंग और सर्चिंग कार्रवाई में जमीन के अंदर दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा मिला।
डिब्बे की जांच करने पर उसमें 10 तोला वजन के 33 सोने के बिस्किट मिले। इनका कुल वजन 330 तोला यानी 3.84 किलो बताया गया है। इसके अलावा 500 रुपये के नोटों में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद सोने और नकदी के संबंध में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अब तक अलग-अलग माओवादी डंप से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलो सोना बरामद किया जा चुका है।

