Site icon AB News24.in

Bijapur Road Scam: सड़क निर्माण के नाम पर करोड़ों की गड़बड़ी… 13 अधिकारी सस्पेंड

बीजापुर, 19 नवम्बर। Bijapur Road Scam: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सड़क निर्माण के नाम पर 19.17 करोड़ रुपये की अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। विभागीय जांच में खुलासा हुआ है कि कई सड़कों का निर्माण जमीन पर हुआ ही नहीं, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में उन्हें पूरा दिखाकर भुगतान कर दिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने 13 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, विभाग की ओर से जिले की 24 सड़कों की जांच कराई गई थी। इस दौरान ऑनलाइन रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद स्थिति का मिलान किया गया। जांच में सामने आया कि कई सड़कों का निर्माण अधूरा था, जबकि कुछ सड़कों का काम शुरू तक नहीं हुआ था। इसके बावजूद सरकारी दस्तावेजों में निर्माण कार्य पूरा दर्शाया गया और भुगतान भी कर दिया गया।

3 कार्यपालन अभियंता समेत 13 अधिकारियों पर कार्रवाई

इस मामले में निलंबित किए गए अधिकारियों में 3 कार्यपालन अभियंता, 6 सहायक अभियंता और 4 उप अभियंता शामिल हैं। इन पर निर्माण कार्यों की निगरानी में लापरवाही बरतने और ठेकेदारों के साथ मिलीभगत के आरोप हैं।

15 ठेकेदारों को नोटिस, वसूली की तैयारी

जांच में ठेकेदारों की भूमिका भी सामने आई है। विभाग ने 15 ठेकेदारों को नोटिस जारी किया है। साथ ही उनसे करीब 5 से 5.50 करोड़ रुपये की वसूली की प्रक्रिया शुरू की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, तय समय में राशि जमा नहीं करने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

148 अधूरी सड़कों को पूरा करने का लक्ष्य

वहीं, अब अधूरे सड़क निर्माण कार्यों को पूरा करने की तैयारी की जा रही है। बीजापुर की 45 और सुकमा की 23 सड़कों के लिए दोबारा टेंडर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा बस्तर संभाग की कुल 148 अधूरी सड़कों को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ने इन सड़कों के निर्माण की जिम्मेदारी खुद लेने की बात कही है।

Exit mobile version