बिलासपुर, 16 अक्टूबर। Bilaspur Crime News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के ग्राम बांधा में जुनापारा चौकी पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पूर्व सरपंच खम्मन सोनवानी के घर से 31 नग चिरान और सिलपट बरामद किए हैं। जब्त लकड़ी सागौन की बताई जा रही है, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
अवैध लकड़ी के भंडारण की शिकायत पर कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बांधा में अवैध रूप से इमारती लकड़ी जमा करने और उसके कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के बाद जुनापारा चौकी पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई। इसके तहत टीम ने पूर्व सरपंच के घर छापा मारकर लकड़ी बरामद की।
वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कार्रवाई के दौरान बरामद सागौन की लकड़ी को जब्त कर लिया गया है। मामले में वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। अब मामले में आगे की जांच की जा रही है।
कीमती लकड़ी के अवैध कारोबार पर निगरानी
सागौन एक महंगी इमारती लकड़ी है, जिसका इस्तेमाल फर्नीचर सहित कई तरह के निर्माण कार्यों में किया जाता है। इसकी अधिक कीमत के कारण इसके अवैध भंडारण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए वन विभाग निगरानी रखता है। इस कार्रवाई के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

