बिलासपुर, 02 नवम्बर। Bilaspur Hospital: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। महिला कान में दर्द की शिकायत लेकर इलाज कराने अस्पताल पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि कान का इलाज करने के बजाय डॉक्टरों ने उनकी एंजियोप्लास्टी कर दी। इस दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, मस्तूरी के ठाकुरदेवा निवासी सुखम बाई साहू को कान में दर्द की शिकायत थी। परिजन उन्हें इलाज के लिए नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से उन्हें कोनी स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया। वहां कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक कुमार ने जांच के बाद महिला के हृदय में ब्लॉकेज होने की बात कही। इसके बाद एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी कराने की सलाह दी गई।
इसके बाद महिला को वापस श्रीराम केयर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉ. अभिषेक कुमार ने उनकी एंजियोप्लास्टी की। इसी दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही रविवार को बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
परिजनों ने बिना सहमति इलाज करने का लगाया आरोप
मृतका की बेटी संगीता साहू ने आरोप लगाया कि परिवार की सहमति के बिना महिला की एंजियोप्लास्टी की गई। उन्होंने मामले में जिम्मेदार डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की मांग भी उठाई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद अस्पताल की इलाज व्यवस्था और डॉक्टरों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इलाज में लापरवाही की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही महिला की मौत के कारणों और उपचार में किसी तरह की चूक के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

