Site icon AB News24.in

Bilaspur News: चलती बस में धक्का-मुक्की कर चेन चोरी… 7 महिलाओं समेत 9 गिरफ्तार

बिलासपुर, 20 अगस्त। Bilaspur News: बिलासपुर के रतनपुर क्षेत्र में चलती बस में यात्रियों से धक्का-मुक्की कर गहने चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में 7 महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं से धक्का-मुक्की करते थे और इसी दौरान उनके गले से सोने की चेन चोरी कर लेते थे।

बस में भीड़ के बीच महिला से की धक्का-मुक्की

घटना 2 अगस्त की बताई जा रही है। बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर से बस के जरिए घर लौट रहे थे। महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में सवार हुईं और भीड़ के बीच गीता प्रधान से धक्का-मुक्की करने लगीं।

कुछ देर बाद शनिचरी चौक रतनपुर के पास महिलाएं बस से उतर गईं। बस खाली होने पर जब गीता प्रधान को सीट मिली, तब उन्होंने अपने गले में पहनी सोने की चेन गायब देखी। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रतनपुर और बिलासपुर क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोनकोना, थाना बांगो क्षेत्र की रहने वाली के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस टीम ने कोनकोना में घेराबंदी कर अंजली गिरी, लोहारिन बाई, सुनीता गिरी, रामबाई, प्रीति गिरी, शिवानी, देवी गिरी, नरेश गिरी और राम गिरी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया गिरोह का तरीका

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बस में एक साथ सवार होकर भीड़ का फायदा उठाने और महिला से धक्का-मुक्की के दौरान उसके गले से चेन चोरी करने की बात स्वीकार की।

जांच में यह भी पता चला कि चोरी की गई चेन को गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर थाना कुसमी, को 20 हजार रुपये में बेचने की बात सामने आई है। आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। मामले में शामिल बताई जा रही फरार महिला की तलाश जारी है।

9 आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने गिरफ्तार सभी 9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। बताया जा रहा है कि गिरोह के कुछ सदस्य पहले भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

पुलिस ने मामले में संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं के तहत भी कार्रवाई की है। फरार आरोपी की तलाश के साथ पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

Exit mobile version