बिलासपुर, 23 अगस्त। Bilaspur News: तखतपुर क्षेत्र के ग्राम समडील में घोंघा नदी में बहे तीनों मासूम बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्कूल से घर लौटते समय तीनों बच्चे नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए थे। हादसे के बाद SDRF की टीम ने लगातार दूसरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया और रविवार सुबह दोनों लापता बच्चों के शव भी बरामद कर लिए।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल शॉर्टकट रास्ते से नदी पार कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और तीनों बच्चे पानी की धार में बह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस ने नदी में तलाश शुरू की। इसके बाद SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाया। शनिवार को एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि दो बच्चों की तलाश जारी थी।
लगातार दूसरे दिन चला सर्च ऑपरेशन
रविवार सुबह करीब 6 बजे SDRF ने दोबारा अभियान शुरू किया। लगातार खोजबीन के बाद दोनों लापता बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए। तीनों मासूमों के शव मिलने के बाद समडील गांव में शोक का माहौल है।
SSP ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
बिलासपुर SSP रजनेश सिंह ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए लोगों से बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नदी, नालों और डेम के आसपास जाने से बचें और तेज बहाव वाले पानी को पार करने का जोखिम न उठाएं।
उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण हादसे का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नदी-नालों से दूरी बनाए रखनी चाहिए।

