Site icon AB News24.in

Bilaspur Violence: पत्थरबाजी के बाद सोहेल ने किया सरेंडर… पुलिस ने हिरासत में लिया

बिलासपुर, 2 सितम्बर। Bilaspur Violence: खपरगंज इलाके में दो पक्षों के बीच हुए विवाद, पथराव और हिंसा के मामले में फरार चल रहे आरोपी सोहेल खान ने मंगलवार शाम पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सरेंडर से पहले सोहेल खान ने मीडिया से बातचीत में खुद को बेगुनाह बताया। उसका दावा है कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं था और उसे इस मामले में झूठा फंसाया जा रहा है। उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। सोहेल ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले उसे एक आत्महत्या के मामले में भी फंसाया जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक, सोहेल की तलाश में लगातार उसके रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। परिजनों से भी पूछताछ की गई थी। इसके बाद वह खुद पुलिस के सामने सरेंडर करने पहुंचा।

ACCU की टीम ने भी की पूछताछ

हिरासत में लेने के बाद पुलिस और ACCU की टीम ने देर रात तक सोहेल से पूछताछ की। जांच टीम उससे घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों और उनके संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

हिंसा में पुलिसकर्मी भी हुए थे घायल

खपरगंज में दो गुटों के बीच विवाद के बाद मारपीट और पथराव की स्थिति बन गई थी। इस दौरान पुलिस पर भी पथराव हुआ, जिसमें TI समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा था।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और धारा 144 लागू की गई।

अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस इस मामले में दोनों पक्षों से जुड़े 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, दूसरे पक्ष का मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह समेत कुछ अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

जांच टीम अब CCTV फुटेज के जरिए अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। वहीं, एक पक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे एकतरफा कार्रवाई बताया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।

Exit mobile version