Site icon AB News24.in

Birgaon Development: बीरगांव में विकास की बड़ी सौगात…135 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

रायपुर, 24 सितम्बर। Birgaon Development: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर जिले के नगर निगम बीरगांव में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में क्षेत्र को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। इसके साथ ही उन्होंने बीरगांव की जरूरतों को देखते हुए करीब 110 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। शहरों में आधुनिक अधोसंरचना के साथ नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।

सड़क, पेयजल और स्वच्छता सुविधाओं का होगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि लोकार्पित और भूमिपूजन किए गए कार्यों में नगर निगम से जुड़े 94 करोड़ रुपये से अधिक और लोक निर्माण विभाग के 38 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य शामिल हैं। वहीं नगरोत्थान योजना के तहत करीब 16 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

इन परियोजनाओं से बीरगांव में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सीवरेज और खेल सुविधाओं समेत बुनियादी सेवाओं का विस्तार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 160 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी जा चुकी है।

बीरगांव में 82 करोड़ का STP बनेगा

मुख्यमंत्री ने बीरगांव में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के लिए 82 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़, सड़क और नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ तथा सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा की।

विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नालंदा परिसर के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावांभाठा के मरम्मत एवं विद्युतीकरण, सामुदायिक भवन और ई-लाइब्रेरी के लिए भी राशि स्वीकृत करने की घोषणा की गई।

स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल होगा बीरगांव

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन विकसित किया जा रहा है। इसमें बीरगांव भी शामिल है। इससे क्षेत्र के सुनियोजित और दीर्घकालीन विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय बनाने की भी घोषणा की। इससे जमीन की रजिस्ट्री और नामांतरण जैसी सेवाएं नागरिकों को अधिक सुविधाजनक तरीके से मिल सकेंगी।

सात क्षेत्रों में सर्वे के बाद मिलेंगे आवासीय पट्टे

मुख्यमंत्री ने रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वे कराने के बाद पात्र परिवारों को नियमानुसार आवासीय पट्टे देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि गरीब, महिला, श्रमिक, किसान, युवा और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ, सफाई मित्रों का सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के डेमो चेक प्रदान किए।

इस दौरान सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों का पैर धोकर, तिलक लगाकर और आरती उतारकर सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों को स्वच्छ रखने में सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी समर्पित किए। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बीरगांव को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। इन कार्यों से शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, भावना बोहरा, महापौर नंदलाल देवांगन समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Exit mobile version