Site icon AB News24.in

BJP Congress Clash: जगदलपुर में दीपोत्सव से पहले बवाल… बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की

जगदलपुर, 17 सितम्बर। BJP Congress Clash: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से पहले जगदलपुर में विवाद हो गया। मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने कार्यक्रम को लेकर बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बहस के बाद नारेबाजी और धक्का-मुक्की हुई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जूते-चप्पल भी चले।

दुकानों को बंद कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद

बताया गया कि विवाद दुकानों को बंद कराने और श्रद्धालुओं के मंदिर में प्रवेश को लेकर कांग्रेस के विरोध से शुरू हुआ। इसी दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा मौके पर पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनकी बहस हो गई।

इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और करीब 40 से 45 मिनट तक हंगामा चलता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रदेशभर में दीपोत्सव की तैयारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत करीब 40 लाख दीये जलाने की तैयारी है। रायपुर में शाम 7 बजे मरीन ड्राइव समेत शहर के अलग-अलग हिस्सों में करीब 25 लाख दीये जलाने का कार्यक्रम रखा गया है।

वहीं, बिलासपुर में भी करीब 10 लाख दीये जलाने की तैयारी है। बड़े आयोजन को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की है।

आयोजन को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल

दीपोत्सव को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस की ओर से अलग-अलग जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आयोजन और इससे जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी बात रखने की बात कही गई है।

Exit mobile version