मुंबई, 07 नवम्बर। Bollywood Movies: बॉलीवुड में दिसंबर की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर बड़े मुकाबले के साथ होने जा रही है। सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वार रेस्ट इन पीस’ की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। खास बात यह है कि इसी दिन श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ भी रिलीज होने वाली है। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर सीधी टक्कर देखने को मिलेगी।
सलमान खान की फिल्म को लेकर हाल ही में मुंबई में एक विशेष प्रेस इवेंट आयोजित किया गया, जहां मीडिया को फिल्म का ट्रेलर दिखाया गया। हालांकि, ट्रेलर अभी यूट्यूब पर जारी नहीं किया गया है। लंबे समय से फिल्म की रिलीज डेट को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन अब मेकर्स ने तारीख पर मुहर लगा दी है। फिल्म का निर्माण जियो स्टूडियोज के साथ मिलकर किया गया है।
अलग-अलग कहानियों पर आधारित हैं दोनों फिल्में
सलमान खान की ‘मातृभूमि: मे वार रेस्ट इन पीस’ देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों की बहादुरी, उनके संघर्ष और परिवारों के त्याग व बलिदान की कहानी पेश करेगी।
वहीं, श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ एक बायोग्राफिकल म्यूजिकल ड्रामा है। फिल्म में महाराष्ट्र की मशहूर लोक कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की जिंदगी और उनके संघर्ष को पर्दे पर दिखाया जाएगा।
दोनों फिल्मों की कहानी और जॉनर एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं, लेकिन एक ही दिन रिलीज होने के चलते इन्हें दर्शकों के साथ-साथ सिनेमाघरों में स्क्रीन हासिल करने के लिए भी मुकाबला करना पड़ सकता है।
फिल्म को लेकर सलमान ने कही ये बात
प्रेस इवेंट के दौरान सलमान खान ने फिल्म को लेकर चल रही चर्चाओं और अफवाहों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने साफ किया कि यह फिल्म किसी राजनीतिक दबाव में नहीं बनाई गई है। इसकी कहानी देश की रक्षा में तैनात जवानों और उनके परिवारों के त्याग व बलिदान पर आधारित है।
किसकी फिल्म मारेगी बाजी?
4 दिसंबर को होने वाला यह बॉक्स ऑफिस क्लैश काफी दिलचस्प होने वाला है। एक तरफ सलमान खान की बड़ी फैन फॉलोइंग है, तो दूसरी तरफ श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है।

