Site icon AB News24.in

Breaking New: बोरियाकला में सड़क पर फैला करंट… बेजुबान की मौत से रहवासियों का आक्रोश

रायपुर, 13 सितम्बर। Breaking New: राजधानी रायपुर के बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के बाहर सड़क किनारे बिजली का करंट फैलने से एक बेजुबान की मौत हो गई। घटना के बाद कॉलोनी के रहवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। विरोध में लोगों ने कॉलोनी का गेट बंद कर दिया, जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

रहवासियों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण सड़क किनारे करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से बेजुबान की मौत हो गई। उसे बचाने की कोशिश के दौरान दो युवक भी करंट की चपेट में आ गए और उन्हें बिजली का झटका लगा।

रहवासियों का कहना है कि समय रहते स्थिति पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी नहीं लेते और उचित कार्रवाई का आश्वासन नहीं देते, तब तक कॉलोनी का गेट नहीं खोला जाएगा।

विरोध के दौरान गौ-सेवा से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंचे और बेजुबानों की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिसकर्मी आक्रोशित रहवासियों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।

Exit mobile version