Site icon AB News24.in

Breaking News: रायपुर के मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग

राजधानी रायपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के कैजुअल्टी (इमरजेंसी) वार्ड में मंगलवार को अचानक आग लग गई

रायपुर के मेकाहारा अस्पताल

रायपुर, 28 जुलाई। Breaking News: राजधानी रायपुर के सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के कैजुअल्टी (इमरजेंसी) वार्ड में मंगलवार को अचानक आग लग गई। आग लगते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई।

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एहतियात के तौर पर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों को तत्काल अस्पताल के अन्य विभागों में सुरक्षित शिफ्ट किया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया गया। मौदहापारा थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी में जुट गई। अस्पताल प्रशासन, दमकल विभाग और पुलिस के अधिकारी संयुक्त रूप से राहत कार्य में लगे हुए हैं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा और घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक सूचना नहीं है। समय रहते मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

Exit mobile version