Site icon AB News24.in

Breaking News: ट्रेन से 1.96 करोड़ का विदेशी सोना बरामद… 2 संदिग्ध पकड़े गए

रायपुर, 13 अगस्त। Breaking News: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने डीआरआई नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 2 करोड़ रुपये का विदेशी सोना बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा गया है।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में विदेशी सोने की तस्करी की सूचना आरपीएफ को मिली थी। इसके बाद आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर-नागपुर और डीआरआई नागपुर की संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में जांच शुरू की।

तलाशी के दौरान B-12 कोच में दो संदिग्ध मिले। टीम ने दोनों को भंडारा-नागपुर के बीच पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ।

बरामद सोने में 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है। इसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये बताई गई है।

कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने दोनों संदिग्धों और जब्त सोने को आगे की कार्रवाई के लिए डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया। डीआरआई ने कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया है।

फिलहाल दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। डीआरआई यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी सोना कहां से लाया गया था और इसके पीछे तस्करी का कौन-सा नेटवर्क काम कर रहा है।

Exit mobile version