नई दिल्ली, 4 अगस्त। Breaking News: थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही Air India की फ्लाइट AI2379 उड़ान के दौरान अचानक भीषण टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। तेज झटकों के कारण विमान में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों व क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया।
एयर इंडिया के अनुसार, उड़ान के दौरान मौसम खराब होने की वजह से विमान को तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे उसकी ऊंचाई में अचानक बदलाव आया। इस दौरान कुछ यात्री और केबिन क्रू हल्के रूप से घायल हो गए।
दिल्ली पहुंचने के बाद घायलों की एयरपोर्ट पर ही मेडिकल जांच कराई गई। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही।

