Site icon AB News24.in

Breaking News: प्लांट में क्रेन से गिरी लोहे की प्लेट… मजदूर की मौत

भिलाई, 20 अगस्त। Breaking News: हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिसकोल प्लांट में क्रेन से लोहे की प्लेट गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान धमधा निवासी राजेश निर्लमलकर (40) के रूप में हुई है। राजेश काम के लिए धमधा से भिलाई आता था।

क्रेन से फिसली लोहे की प्लेट

जानकारी के मुताबिक, राजेश प्लांट में क्रेन ऑपरेट कर रहा था। इसी दौरान क्रेन की मदद से लोहे की प्लेट उठाकर ले जाई जा रही थी। अचानक प्लेट का संतुलन बिगड़ गया और वह क्रेन से फिसलकर नीचे गिर गई।

लोहे की भारी प्लेट सीधे राजेश के ऊपर जा गिरी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इलाज के लिए ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई।

पहले भी हो चुका है हादसा

बताया जा रहा है कि सिसकोल प्लांट में इस तरह का हादसा पहले भी हो चुका है। करीब 7 महीने पहले भी क्रेन से लोहे की प्लेट गिरने से एक मजदूर की मौत हुई थी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मजदूरों के अनुसार, क्रेन, लोहे की प्लेट और सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच होनी चाहिए। काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन और मजदूरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कंपनी की है।

हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि लोहे की प्लेट क्रेन से किस वजह से गिरी और हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है।

Exit mobile version