Site icon AB News24.in

Bus Accident News: कर्मचारियों से भरी बस पलटी… एक युवक की मौत

बालोद, 19 सितंबर। Bus Accident News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करहीभदर के पास कर्मचारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बस धमतरी की डीआरडी कंपनी की बताई जा रही है। बस में कंपनी के कई कर्मचारी सवार थे। शनिवार सुबह बस बालोद से धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान करहीभदर के पास बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। बस में फंसे शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और करीब एक घंटे बाद शव को बाहर निकाला जा सका।

वहीं, हादसे में घायल लोगों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में बस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है, हालांकि दुर्घटना का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

हादसे के बाद पुलिस मृतक की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

Exit mobile version