बेमेतरा, 30 सितंबर। CG Bangladeshi citizen Arrest: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहे एक कथित बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मो. मोकसादूल आलम कालू (35) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास भारत में रहने से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं।
पुलिस ने विशेष अभियान के तहत साइबर सेल और विशेष टास्क फोर्स की मदद से तकनीकी जांच के बाद आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में उसके वर्ष 2007 में कथित तौर पर अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करने की जानकारी सामने आई है।
संबलपुर में फर्जी आधार कार्ड बनवाने का आरोप
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने ओडिशा के संबलपुर में कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड बनवाया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आधार कार्ड कैसे बनवाया गया और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
लंबे समय तक भारत में रहने की जांच
पुलिस आरोपी के भारत में प्रवेश, दस्तावेजों और यहां रहने के दौरान उसकी गतिविधियों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने इतने लंबे समय तक किस पहचान के आधार पर निवास किया।

