रायपुर, 31 अक्टूबर। CG Breaking News: छत्तीसगढ़ के गोबरा नवापारा में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 7 में रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक निजी अस्पताल के समीप नाली में सात माह का भ्रूण मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने नाली में भ्रूण पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल गोबरा नवापारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अवैध गर्भपात की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि गर्भपात के बाद भ्रूण को यहां फेंका गया होगा। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके लिए आसपास के निजी अस्पतालों और क्लीनिकों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि भ्रूण को यहां फेंकने वाले व्यक्ति का पता लगाया जा सके।

