रायपुर, 20 अगस्त। CG Breaking: छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में सेमेस्टर परीक्षा का पेपर लीक होने का दावा सामने आया है। बताया जा रहा है कि एंटोमोलॉजी के सेमेस्टर एग्जाम का पेपर परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
परीक्षा सुबह 10 बजे आयोजित होनी थी, लेकिन छात्रों के अनुसार सुबह करीब 8 बजे ही कथित प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर दिखाई देने लगा। मामला सामने आने के बाद छात्रों में नाराजगी है।
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
पेपर वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद छात्रों ने विरोध जताया और विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
छात्रों का कहना है कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर पहुंचना गंभीर मामला है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जांच के बाद साफ होगी स्थिति
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पेपर वास्तव में परीक्षा का प्रश्नपत्र था या नहीं। विश्वविद्यालय प्रशासन की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो सकेगी।
पहले भी सामने आ चुका है पेपर लीक का मामला
छत्तीसगढ़ में इससे पहले भी पेपर लीक को लेकर विवाद सामने आ चुका है। 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा के प्रश्नपत्र के सोशल मीडिया पर वायरल होने के दावे के बाद मार्च 2026 में मामला गरमाया था।
मामले में माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव ने सिविल लाइंस और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अब IGKV में सामने आए कथित पेपर लीक मामले को लेकर भी छात्रों की नजर विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई पर है।

