रायपुर, 19 नवम्बर। CG Budget: छत्तीसगढ़ में वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारियां शुरू हो गई हैं। वित्त विभाग ने सभी विभागों के लिए दिशा-निर्देश जारी करते हुए सचिव और विभागाध्यक्ष स्तर पर संयुक्त बजट चर्चा का कार्यक्रम निर्धारित किया है। इसके तहत 21 दिसंबर से 30 दिसंबर 2026 तक मंत्रालय महानदी भवन में विभागवार बजट पर चर्चा होगी।
वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव की ओर से जारी पत्र के अनुसार, सभी विभागों को वर्ष 2026-27 के पुनरीक्षित अनुमान और वर्ष 2027-28 के बजट अनुमान के प्रस्ताव 20 नवंबर 2026 तक वित्त विभाग को भेजने होंगे। इसके लिए हार्डकॉपी और सॉफ्टकॉपी दोनों प्रारूप अनिवार्य किए गए हैं। साथ ही IFMIS पोर्टल पर बजट प्रस्तावों की ऑनलाइन प्रविष्टि भी करनी होगी।
निर्देशों के मुताबिक, विभागों को नई योजनाओं और नए कार्यों के प्रस्ताव विभागीय प्राथमिकता के आधार पर तैयार करने होंगे। इसके अलावा नए पदों के सृजन, भर्ती की सहमति, दैनिक वेतनभोगी और कार्यभारित कर्मचारियों की स्थिति, नए वाहनों की खरीद और वाहन किराये से जुड़ी जानकारी भी देनी होगी।
वहीं, हितग्राहीमूलक योजनाओं और विभागों के अधीन निगम-मंडल एवं स्वायत्तशासी संस्थाओं की वित्तीय स्थिति का विवरण भी प्रस्तुत करना होगा।
वित्त विभाग ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि मांगी गई जानकारियां निर्धारित PPT प्रारूप में 10 दिसंबर 2026 से पहले अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। बजट चर्चा के दौरान नए मदों के प्रस्तावों की सूची भी विभागीय प्राथमिकता के अनुसार पेश करनी होगी। हालांकि, इन प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय मंत्रीस्तरीय चर्चा में लिया जाएगा।
इसके साथ ही वित्त विभाग ने योजनाओं की समीक्षा पर जोर देते हुए कहा है कि जिन योजनाओं के लक्ष्यों में दोहराव है, उन्हें एकीकृत किया जाए, ताकि योजनाओं की संख्या सीमित रखी जा सके।

