रायपुर, 08 सितम्बर। CG Bus Strike: छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार को चेतावनी दी है। महासंघ ने कहा है कि अगर 21 सितंबर 2026 तक मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया, तो 22 सितंबर से प्रदेशभर में यात्री बसों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा।
महासंघ की हड़ताल की स्थिति में प्रदेश के अलग-अलग शहरों और ग्रामीण इलाकों के बीच चलने वाली यात्री बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इससे रोजाना बसों से सफर करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
महासंघ की प्रमुख मांगों में यात्री बसों का किराया बढ़ाना, सिंगल स्लीपर बसों पर सिंगल टैक्स लागू करना, शहर की सीमा के भीतर ई-बसों का संचालन और ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली बसों के ग्रामीण क्षेत्रों व बस स्टैंड से संचालन पर रोक शामिल है।
इसके अलावा स्टेज कैरिज बसों के समयचक्र में उचित अंतराल तय करने, VLTD रिन्यूअल फीस कम करने, मैनुअल फिटनेस की सुविधा देने, प्रतिहस्ताक्षर प्रक्रिया को नियंत्रित करने और सभी बसों के लिए ऑनलाइन परमिट की सुविधा देने की मांग भी की गई है।
महासंघ ने सरकार और परिवहन विभाग से समयसीमा के भीतर इन मांगों पर विचार कर समाधान निकालने की अपील की है।

