रायपुर, 18 नवम्बर। CG Cabinet Breaking News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई गई। बैठक में ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने, जनजातीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं देने और राजनांदगांव में सरकारी संस्थानों के विस्तार से जुड़े चार अहम निर्णय लिए गए। इन फैसलों से प्रदेश की छोटी पंचायतों, दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों और विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
छोटी पंचायतों को मिलेगा मुख्यमंत्री नल जल अनुदान
कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ पंचायत (ग्रामीण नलजल संचालन, संधारण एवं प्रबंधन) नियम, 2026 के प्रारूप को मंजूरी दी है। इसके तहत एक हजार से कम आबादी वाली पंचायतों को नलजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव के लिए मुख्यमंत्री नल जल अनुदान दिया जाएगा।
हालांकि, इस अनुदान का लाभ लेने के लिए पंचायतों को कम से कम 50 प्रतिशत जल प्रभार की वसूली करनी होगी। वहीं, जिन पंचायतों में सालाना जल प्रभार की वसूली 75 प्रतिशत से अधिक होगी, उन्हें 50 हजार रुपए की वार्षिक प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के बेहतर संचालन और रखरखाव को बढ़ावा मिलेगा।
अबूझमाड़ के विद्यार्थियों के लिए 40.98 करोड़ रुपए मंजूर
कैबिनेट ने नारायणपुर स्थित रामकृष्ण मिशन स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय को तीन साल में करीब 40.98 करोड़ रुपए का अनुदान देने की मंजूरी दी है। इस राशि से अबूझमाड़िया जनजाति के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को शिक्षा के अधिक अवसर मिल सकेंगे।
राजनांदगांव को मिली दो बड़ी सौगात
बैठक में राजनांदगांव जिले के लिए भी दो महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। पहला, ग्राम कौरिनभांठा में बाल संप्रेक्षण गृह के निर्माण के लिए 0.223 हेक्टेयर जमीन महिला एवं बाल विकास विभाग को आवंटित करने की मंजूरी दी गई।
दूसरा, राजनांदगांव के बल्देव बाग स्थित स्टेट हाईस्कूल परिसर में माध्यमिक शिक्षा मंडल के संभागीय कार्यालय के लिए 264 वर्गमीटर जमीन आवंटित करने का निर्णय लिया गया।

