भिलाई, 15 अगस्त। CG CBI Raid: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के भिलाई में तैनात सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर (Sr. DME) को CBI ने रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि लंबित बिल क्लियर करने के बदले अधिकारी ने पहले 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद सौदा 1 लाख रुपये में तय हुआ और पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपये देने थे।
CBI ने 13 अगस्त को ट्रैप कार्रवाई की। आरोप है कि अधिकारी ने रकम खुद लेने के बजाय अपने निर्देश पर एक बिचौलिए के जरिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मंगवाई। इसके बाद अधिकारी और कथित बिचौलिए के खिलाफ कार्रवाई की गई।
ट्रैप के बाद CBI ने रायपुर और भिलाई स्थित अधिकारी के घर और कार्यालय की तलाशी ली। तलाशी के दौरान करीब 77 लाख रुपये नकद और 14 लाख रुपये की ज्वेलरी, यानी कुल करीब 91 लाख रुपये की संपत्ति मिलने की बात सामने आई है।
अब CBI इस रकम और ज्वेलरी के स्रोत की जांच कर रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद संपत्ति का रिश्वतखोरी के मामले से कोई संबंध है या नहीं।
CBI ने अधिकारी और कथित बिचौलिए को 14 अगस्त को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

