रायपुर, 19 सितंबर। CG: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर के मेफेयर में चौथे BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल इलाज तक सीमित नहीं है। मरीज का मनोबल बनाए रखना और उसे यह भरोसा दिलाना जरूरी है कि वह इस बीमारी की लड़ाई में अकेला नहीं है।
मुख्यमंत्री साय ने कैंसर को पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि कैंसर का असर मरीज की शारीरिक और मानसिक स्थिति के साथ-साथ उसके परिवार और आर्थिक परिस्थितियों पर भी पड़ता है। ऐसे में उपचार के दौरान चिकित्सकों का संवेदनशील व्यवहार और परिवार का भावनात्मक सहयोग मरीज का हौसला बढ़ाता है।
समय पर जांच से बढ़ती हैं इलाज की संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर की समय पर पहचान होने से प्रभावी उपचार की संभावनाएं काफी बढ़ जाती हैं। उन्होंने विशेषज्ञों से कैंसर की जल्द पहचान, आधुनिक तकनीक और सुलभ उपचार को लेकर मंथन करने का आग्रह किया।
स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है। राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। पांच नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की दिशा में भी काम चल रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में कैंसर उपचार के लिए विशेषज्ञ सेवाओं और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों को विकसित किया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लोगों को 5 लाख रुपये तक उपचार की सुविधा मिल रही है। वहीं, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 25 लाख रुपये तक की उपचार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
बस्तर में 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत करीब 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। इनमें लगभग 40 हजार लोगों में विभिन्न बीमारियों की पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा गया है।
इसके अलावा नवा रायपुर में करीब 100 एकड़ क्षेत्र में 5 हजार बिस्तरों की क्षमता वाली मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इससे प्रदेश में विशेषज्ञ और अति विशिष्ट चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा।
सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कैंसर की जागरूकता, जांच और उपचार से जुड़ी नवीनतम तकनीकों के स्टॉलों का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से निपटने के लिए उपचार के साथ जागरूकता, समय पर जांच और मरीजों को भावनात्मक सहयोग देना भी जरूरी है।

