रायपुर, 27 नवम्बर। CG Coaching Rules: छत्तीसगढ़ में कोचिंग संस्थानों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए सरकार नया कानून लाने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित कानून के तहत अगर कोई विद्यार्थी कोर्स पूरा होने से पहले पढ़ाई छोड़ता है, तो कोचिंग संस्थान को बची हुई अवधि की फीस वापस करनी होगी। यानी संस्थान पूरे कोर्स की फीस जमा होने के बाद भी छात्र की बाकी रकम नहीं रोक सकेंगे।
बीच में कोर्स छोड़ने पर मिलेगी फीस वापस
प्रस्तावित नियम के मुताबिक, अगर कोई विद्यार्थी एक साल के कोर्स के लिए 60 हजार रुपये जमा करता है और चार महीने बाद पढ़ाई छोड़ देता है, तो संस्थान को बाकी आठ महीने की 40 हजार रुपये फीस वापस करनी होगी।
कोचिंग में दाखिले से पहले देनी होगी पूरी जानकारी
नए कानून का मकसद छात्रों से मनमानी फीस वसूली, अधूरी जानकारी और असुरक्षित माहौल जैसी शिकायतों पर रोक लगाना है। इसके तहत कोचिंग संस्थानों को दाखिले से पहले फीस, पाठ्यक्रम और अन्य जरूरी जानकारियां स्पष्ट रूप से देनी होंगी।
20 या उससे अधिक छात्रों वाले संस्थानों का पंजीकरण अनिवार्य
इस कानून के दायरे में मेडिकल, इंजीनियरिंग, लोक सेवा आयोग, बैंकिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कोचिंग संस्थान आएंगे। जिन संस्थानों में 20 या उससे अधिक विद्यार्थी पढ़ते हैं, उनके लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
छात्रों की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन और शिकायत व्यवस्था
प्रस्ताव में विद्यार्थियों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए कोचिंग संस्थानों में परामर्श व्यवस्था, शिकायत सुनने का अलग तंत्र और 24 घंटे की हेल्पलाइन शुरू करने का प्रावधान रखा गया है।
नियम तोड़ने पर 5 लाख तक जुर्माना
कोचिंग संस्थानों की निगरानी के लिए राज्य स्तर पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में प्राधिकरण और जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में समितियां बनाई जाएंगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर 10 हजार से लेकर 5 लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकेगा। गंभीर मामलों में संस्थान का पंजीकरण भी रद्द किया जा सकता है।

