रायपुर, 27 सितंबर। CG Congress: दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव समेत छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रायपुर लौट आए हैं। कांग्रेस नेताओं की राहुल गांधी के साथ बैठक 50 मिनट से अधिक चली।
बैठक के बाद दीपक बैज ने बताया कि राहुल गांधी ने नेताओं की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि झीरम घाटी मामले में आगे की कानूनी लड़ाई को लेकर पार्टी स्तर पर काम किया जाएगा।
वही छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत 27 सितंबर को रायपुर पहुंचेंगे। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। दीपक बैज के मुताबिक, सुखदेव भगत दोपहर करीब 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट से लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक अलग-अलग स्थानों पर तैयारियां की गई हैं।
सुखदेव भगत के दो दिवसीय दौरे के दौरान संगठन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। 27 और 28 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संगठनात्मक बैठकें, राजनीतिक मामलों की समिति, विधायकों और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं।

