Site icon AB News24.in

CG Congress Protest: महंगी बिजली पर कांग्रेस का हल्ला बोल… 3 अगस्त को सीएम हाउस घेरने का ऐलान

प्रदेश में बढ़ते बिजली बिल, बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज

महंगी बिजली पर कांग्रेस

रायपुर, 31 जुलाई। CG Congress Protest: प्रदेश में बढ़ते बिजली बिल, बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में कहा कि कांग्रेस 1 से 3 अगस्त तक तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी। आंदोलन के अंतिम दिन 3 अगस्त को प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को लगातार बढ़े हुए बिजली बिल मिल रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बिजली दरों में वृद्धि के कारण आम लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि महंगी बिजली का बोझ गरीब, मध्यम वर्ग और किसानों तक पर पड़ रहा है, जिसके खिलाफ कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले कई महीनों से महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लगातार उठा रही है। अब इसे प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है, ताकि गांव-गांव और शहर-शहर जाकर बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाया जा सके। कांग्रेस का उद्देश्य सिर्फ विरोध प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि आम लोगों की शिकायतों को संगठित रूप से सरकार के सामने रखना भी है।

तीन चरणों में चलेगा आंदोलन

कांग्रेस के घोषित कार्यक्रम के अनुसार 1 अगस्त को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेसवार्ता करेंगे। इस दौरान महंगी बिजली, बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से सामने रखा जाएगा।

2 अगस्त को कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से जनसंपर्क करेंगे। इस दौरान महंगे बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ लोगों से आवेदन भरवाए जाएंगे। इन आवेदनों के माध्यम से सरकार से बिजली दरों की समीक्षा करने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की जाएगी।

आंदोलन के अंतिम चरण में 3 अगस्त को प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और बिजली उपभोक्ता शामिल होंगे। पार्टी इसे प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के हितों से जुड़ा बड़ा जनआंदोलन बता रही है।

दीपक बैज ने कहा कि यदि सरकार बिजली दरों में राहत देने और बढ़े हुए बिजली बिलों के मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो कांग्रेस अपने आंदोलन को और व्यापक तथा तेज करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी और बिजली उपभोक्ताओं की आवाज को मजबूती के साथ उठाएगी।

Exit mobile version