रायपुर, 14 अगस्त। CG Congress Protest: हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के स्थल पर कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कांग्रेस आज प्रदेशभर में जिला स्तरीय सत्याग्रह और पैदल मार्च करेगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला, शहर, नगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के साथ मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठ-विभागों को कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस के मुताबिक यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
रायपुर में पहले ED-CBI-EOW के खिलाफ प्रदर्शन
राजधानी रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे राजीव गांधी चौक के पास ईडी, सीबीआई और ईओडब्ल्यू की कार्रवाई के विरोध में धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद हल्द्वानी की घटना के विरोध में राजीव गांधी चौक से अंबेडकर चौक तक पैदल मार्च और सत्याग्रह किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस ने सभी संबंधित जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों को शाम के समय मार्च और सत्याग्रह आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
हल्द्वानी की घटना पर कांग्रेस ने जताया विरोध
कांग्रेस का आरोप है कि हल्द्वानी में पार्टी की रैली के बाद एक हिंदू राइट विंग संगठन ने रैली स्थल पर गंगाजल से कथित ‘शुद्धिकरण’ किया। कांग्रेस के अनुसार, यह कार्रवाई मंच पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी के बाद की गई।
कांग्रेस ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा है कि ऐसी कथित भेदभावपूर्ण मानसिकता लोकतांत्रिक समाज और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। पार्टी का कहना है कि यह सिर्फ कांग्रेस अध्यक्ष का अपमान नहीं, बल्कि समानता और सम्मान के संवैधानिक सिद्धांतों पर भी सवाल खड़ा करता है।
इसी मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अब प्रदेशभर में सत्याग्रह और पैदल मार्च के जरिए अपना विरोध दर्ज कराएगी।

