Site icon AB News24.in

CG Education: छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में दाखिले की तारीख बढ़ी… अब 31 अगस्त तक मिलेगा प्रवेश

रायपुर, 17 अगस्त। CG Education: छत्तीसगढ़ के हजारों विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के सभी शासकीय और निजी महाविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है।

जिन कॉलेजों में अभी भी सीटें खाली हैं, वहां प्रवेश से वंचित छात्र अब दाखिला ले सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर विद्यार्थी तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के कई छात्र विभिन्न कारणों से समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे। सरकार नहीं चाहती कि केवल प्रवेश की तारीख निकल जाने की वजह से किसी योग्य विद्यार्थी का एक साल खराब हो।

इससे पहले प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई और कुलपति की अनुमति से प्रवेश की समय सीमा 14 अगस्त तक निर्धारित थी। इसके बावजूद कई कॉलेजों में सीटें खाली थीं और विद्यार्थियों की ओर से प्रवेश की तारीख बढ़ाने की मांग की जा रही थी।

अब शासन के इस फैसले से विद्यार्थियों को 31 अगस्त तक दाखिले का मौका मिलेगा। खासकर ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों के छात्रों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version