रायपुर, 2 सितम्बर। CG Education News: छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी पहल हुई है। देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोनजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में संस्थान की स्थापना के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
नवा रायपुर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ जमीन पर NMIMS का अत्याधुनिक कैंपस विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को यह जमीन 90 वर्षों की लीज पर दी गई है। राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
2-3 साल में शुरू हो सकता है पहला बैच
NMIMS की स्थापना की पूरी प्रक्रिया को आगामी सात वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, दो से तीन वर्षों के भीतर पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने की योजना है। कैंपस पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां करीब 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख न करना पड़े। उन्हें प्रदेश में ही देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसी शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
प्रबंधन और रोजगारोन्मुखी शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
NMIMS के आने से छत्तीसगढ़ में प्रबंधन, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। प्रदेश के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा अपने राज्य में ही मिल सकेगी। देश के अन्य हिस्सों से भी विद्यार्थी नवा रायपुर पहुंच सकते हैं, जिससे शहर में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
संस्थान के माध्यम से नवाचार, शोध, रोजगार और उद्यमिता को भी गति मिलने की उम्मीद है। विद्यार्थियों और उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल से बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप कुशल युवाओं को तैयार करने में मदद मिलेगी।
एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित होगा नवा रायपुर
राज्य सरकार नवा रायपुर अटल नगर को आधुनिक शहर के साथ एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने पर जोर दे रही है। NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना को इस दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शिक्षा, कौशल, नवाचार और रोजगार को जोड़ना सरकार की युवा-केंद्रित विकास नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। NMIMS की स्थापना इसी सोच को आगे बढ़ाने वाली पहल है।

