रायपुर, 30 सितम्बर। CG Election Breaking: छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में होने वाले नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत नगरीय निकायों के 417 पदों और त्रिस्तरीय पंचायतों के 814 पदों के लिए मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
नगरीय निकायों के 417 पदों के लिए बनेगी मतदाता सूची
जारी कार्यक्रम के अनुसार, भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली और बीरगांव में महापौर के 4 पद, अध्यक्ष के 13 पद और पार्षद के 400 पदों के लिए निर्वाचक नामावली तैयार की जाएगी। इसके अलावा उपचुनाव के लिए अध्यक्ष का 1 पद और पार्षदों के 6 पद भी शामिल हैं।
पंचायतों के 814 पदों के लिए भी तैयारी
त्रिस्तरीय पंचायतों के कुल 814 पदों के लिए भी मतदाता सूची तैयार की जाएगी। इनमें जनपद पंचायत सदस्य का 1 पद, सरपंच के 92 पद और पंच के 721 पद शामिल हैं।
जानिए मतदाता सूची से जुड़ी महत्वपूर्ण तारीखें
राज्य निर्वाचन आयोग के जारी कार्यक्रम के मुताबिक, निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए 1 अक्टूबर 2026 को संदर्भ तिथि निर्धारित की गई है। प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन 23 अक्टूबर को होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों में 33 निर्वाचक नामावली प्रेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। आयोग की इस प्रक्रिया के जरिए आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूची तैयार की जाएगी।

