बिलासपुर, 19 सितंबर। CG Fake Tea Raid: चांटीडीह स्थित माधव ट्रेडर्स में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर संदिग्ध चाय बेचने की सूचना पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कंपनी के प्रतिनिधि भी टीम के साथ मौजूद रहे।
जांच के दौरान दुकान से ब्रूक बॉन्ड ताजा चाय के 250 ग्राम के 23 पैकेट मिले। कंपनी प्रतिनिधि ने इन पैकेटों पर आपत्ति जताई, जिसके बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सभी पैकेट जब्त कर उनके नमूने जांच के लिए भेज दिए।
जांच में यह भी सामने आया कि फर्म संचालक मौके पर इन पैकेटों की खरीदी से संबंधित बिल पेश नहीं कर सका। अब विभाग दस्तावेजों के आधार पर यह पता लगाने में जुटा है कि संदिग्ध चाय का स्टॉक कहां से आया और इसकी सप्लाई किस माध्यम से हुई।
विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले करीब चार महीने पूर्व बिलासपुर में संदिग्ध नकली मसालों के पैकेट भी जब्त किए गए थे। लगातार ऐसे मामले सामने आने के बाद शहर में ब्रांडेड उत्पादों की सप्लाई और उनकी प्रामाणिकता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

