बिलासपुर, 10 अगस्त। CG Ganja Smuggling: रेलवे पुलिस ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी के मामले में एक अपचारी बालक को पकड़ा है। उसके कब्जे से 6 पैकेट में कुल 5 किलो 790 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 89 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जीआरपी बिलासपुर और रेल सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने स्टेशन पर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध अपचारी बालक को पकड़ा गया और उसके पास से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा जब्त कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद अपचारी बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई में जीआरपी बिलासपुर और RPF टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था।

