Site icon AB News24.in

CG Government Schemes: 3.65 लाख PM आवास की सौगात… 2 लाख घरों का भी हुआ गृहप्रवेश

सक्ती, 12 सितम्बर। CG Government Schemes: सक्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के 2 लाख नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवासों का गृहप्रवेश कराया गया। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हितग्राहियों को नए घर की चाबी सौंपकर उन्हें पक्के मकान की सौगात दी।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के लिए 3.65 लाख अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास देने की बड़ी घोषणा की। इसके अलावा सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने और बस्तर में प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे की समय-सीमा बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 करने का भी ऐलान किया गया।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में हर दिन 1,600 से ज्यादा आवास पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास गरीब परिवारों को जल्द से जल्द पक्का घर उपलब्ध कराना है।

वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हर पात्र गरीब परिवार को पक्का घर देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 11.50 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे किए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण महिलाओं की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 13.85 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को लाभ मिलने की बात कही। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास से जुड़े कई नए अभियानों और योजनाओं की शुरुआत की गई। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदियों और पंचायतों को सम्मानित भी किया गया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार का प्रयास प्रदेश के हर पात्र परिवार तक पक्के मकान की सुविधा पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों और आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे लोगों के आवास पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है।

Exit mobile version