अंबिकापुर, 20 सितंबर। CG Gutkha Ban: सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मैनपाट के पर्यटन स्थलों का जायजा लेते हुए गंदगी और गुटखा-तंबाकू के कारण फैल रही गंदगी पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को पर्यटन स्थलों पर गुटखा, तंबाकू और सिगरेट की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं। विधायक ने स्पष्ट कहा कि जिन दुकानों में इन प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री पाई जाएगी, उनका आवंटन तत्काल रद्द किया जाए।
विधायक ने मैनपाट के पर्यटन स्थलों तक जाने वाली सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में शौचालय और यात्री प्रतीक्षालय बनाने के निर्देश भी दिए। इससे महिला पर्यटकों और परिवार के साथ आने वाले लोगों को सुविधाएं मिलेंगी।
वहीं, पर्यटन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने भी फैसला लिया है। सुबह 9 बजे से 10 बजे तक बक्साइट लोड ट्रकों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके अलावा शाम के समय भी करीब दो घंटे तक भारी वाहनों को मैनपाट की सड़कों पर चलने की अनुमति नहीं होगी। इससे पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ पर्यटन स्थलों पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

