रायपुर, 17 अगस्त। CG Health News: राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल परिसर में अत्याधुनिक रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का औपचारिक शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कैंसर इंस्टीट्यूट में उपलब्ध आधुनिक उपचार सुविधाओं और अत्याधुनिक मशीनों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों की टीम को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पिछले 36 वर्षों से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कैंसर इंस्टीट्यूट की शुरुआत से छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ा है। अब कैंसर मरीजों को जांच, उपचार और थेरेपी जैसी जरूरी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। राज्य में ही बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार काम किया जा रहा है।
शुरुआती जांच और स्क्रीनिंग पर जोर
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कैंसर इंस्टीट्यूट के शुभारंभ को छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कैंसर का असर सिर्फ मरीज पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार पर पड़ता है। उन्होंने बीमारी की समय पर पहचान के लिए नियमित स्क्रीनिंग और शुरुआती जांच को बढ़ावा देने की जरूरत बताई।
लगातार बढ़ रही स्वास्थ्य सुविधाएं
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 15 हो गई है। उन्होंने बताया कि बस्तर और बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू होने से दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को भी स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, डॉ. संदीप दवे समेत चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ डॉक्टर और कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

