रायपुर, 26 सितंबर। CG Heavy Rain: छत्तीसगढ़ में बारिश थमने के बाद भी लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। करीब 36 घंटे हुई लगातार बारिश के कारण रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई नदी-नाले अब भी उफान पर हैं और निचले इलाकों में पानी घरों तक पहुंच गया है।
रायपुर के महादेवघाट पुल से करीब 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है। करीब 12 साल बाद पुल के इस तरह डूबने की स्थिति सामने आई है। राजधानी के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2, भाटागांव, प्रोफेसर कॉलोनी और काठाडीह BSUP कॉलोनी में भी पानी भरने की खबर है। कई जगह सड़कें जलमग्न होने से वाहन फंस गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ इलाकों में बिजली सप्लाई भी काटी गई है।
दुर्ग में जलभराव के बीच 55 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। वहीं बस्तर, जगदलपुर, गरियाबंद, कांकेर, बालोद और बिलासपुर के निचले इलाकों में भी पानी घरों तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रदेश के स्कूलों में 26 सितंबर को छुट्टी घोषित की गई है। वहीं गंगरेल डैम से 14 गेट के जरिए पानी छोड़ा जा रहा है। कई रास्ते बंद होने के साथ 6 ट्रेनें और एक फ्लाइट भी कैंसिल की गई हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में फिर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

