CG Hockey League: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की 6 टीमों का ऐलान… सरदार सिंह बने एंबेसडर

CG Hockey League: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की 6 टीमों का ऐलान… सरदार सिंह बने एंबेसडर

रायपुर, 13 अक्टूबर। CG Hockey League: छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) का पहला सीजन 21 अक्टूबर से शुरू होगा। 1 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के मुकाबले राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर बनाया गया है।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों का ऐलान किया। इस दौरान सभी टीमों की जर्सी भी लॉन्च की गई। ड्रॉ के माध्यम से प्रत्येक फ्रेंचाइजी को 22 खिलाड़ियों का दल और एक मुख्य कोच आवंटित किया गया।

सरदार सिंह बने लीग के एंबेसडर

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरदार सिंह जैसी प्रतिष्ठित खेल हस्ती का लीग से जुड़ना प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए गौरव की बात है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से लीग को लाभ मिलेगा। उन्होंने हॉकी को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के लिए फ्रेंचाइजी मालिकों और प्रायोजकों के योगदान की सराहना की।

वहीं, सरदार सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग राज्य के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपने खेल को निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल दूसरे राज्यों के लिए भी मिसाल बनेगी।

छह फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होंगे मुकाबले

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी। चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, राजधानी रॉयल्स की श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।

132 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

लीग में कुल 132 खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी होंगे, जिनमें चार अतिथि खिलाड़ी शामिल रहेंगे। हर टीम में एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी भी होगा।

इन छह दिग्गज खिलाड़ियों में एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर शामिल हैं। इन खिलाड़ियों की मौजूदगी से स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

विजेता को 11 लाख, उपविजेता को 6 लाख रुपये

21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होने वाली लीग में 18 पुरुष मुकाबले और महिला हॉकी का एक प्रदर्शनी मैच खेला जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता को 6 लाख रुपये दिए जाएंगे।

व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए 4 लाख रुपये के पुरस्कार रखे गए हैं। प्रत्येक पुरुष मुकाबले के प्लेयर ऑफ द मैच को 10 हजार रुपये मिलेंगे। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा टॉप स्कोरर, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और अंडर-21 वर्ग के उभरते खिलाड़ी को 30-30 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

शाम 5:30 और 7:30 बजे होंगे मुकाबले

हॉकी प्रेमियों के लिए पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे और दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों मैचों के बीच प्रतिदिन मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। वहीं, जो दर्शक स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, वे जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर मुकाबलों का लाइव प्रसारण देख सकेंगे।

उद्घाटन समारोह में जस्सी गिल और बब्बल राय की प्रस्तुति

लीग के उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और विरासत को प्रदर्शित करने वाली प्रस्तुतियां होंगी। देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों के साथ पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय भी प्रस्तुति देंगे। इस दौरान हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के जरिए राज्य में घरेलू हॉकी के ढांचे को मजबूत करने, स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने और प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।

स्पोर्ट