रायपुर, 24 अगस्त। CG News: छत्तीसगढ़ में बारिश के बीच अलग-अलग घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। मुंगेली जिले में खेत से काम कर घर लौट रही 46 वर्षीय महिला की बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं रायपुर में तेज बारिश के बाद एक युवक नाले में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला।
मुंगेली में बिजली गिरने से महिला की मौत
मुंगेली में गीता बाई (46) खेत से काम कर पैदल घर लौट रही थीं। पंडरभठ्ठा मेन रोड पर वह सिर पर बर्तन लेकर जा रही थीं, तभी अचानक उन पर बिजली गिर गई।
हादसे के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रायपुर में नाले में फंसा युवक
रविवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद रायपुर के गायत्री नगर में एक युवक नाले में फंस गया। बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव तेज था। आसपास मौजूद लोगों ने रस्सी की मदद से युवक को बाहर निकाला और उसकी जान बचाई।
अगले 24 घंटे बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। प्रदेश में अगले 7 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
प्रशासन ने लोगों से बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने तथा खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।

