Site icon AB News24.in

CG News: पंडरिया में 5.96 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

पंडरिया, 13 अक्टूबर। CG News: छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा ने ग्राम कुई-कुकदुर में लगभग 5.96 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन कार्यों में महतारी सदन और नवीन कन्या महाविद्यालय भवन का भूमिपूजन, जबकि नवीन तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण शामिल है।

इस अवसर पर मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि महतारी सदन के निर्माण से महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। वहीं, नवीन कन्या महाविद्यालय भवन बनने से क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।

नवीन तहसील कार्यालय भवन से नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा का भी शुभारंभ किया गया। इससे छात्राओं को कॉलेज आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

इन विकास कार्यों से क्षेत्र में शिक्षा, प्रशासनिक सुविधाओं और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version