रायपुर, 21 नवम्बर। CG News: रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र गए छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सुरक्षित मुक्त करा लिया है। महाराष्ट्र के सोलापुर में इन श्रमिकों से बंधक जैसी परिस्थितियों में काम कराया जा रहा था। स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सभी श्रमिकों को रेस्क्यू कर 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ वापस लाया गया। इनमें 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं।
प्रशासन के मुताबिक, मुक्त कराए गए श्रमिकों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 लोग शामिल हैं।
रोजगार का झांसा देकर महाराष्ट्र ले गया था ठेकेदार
यह पूरा मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की ग्राम पंचायत उलखर से जुड़ा है। एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत कर बताया था कि महाराष्ट्र के सोलापुर में उसके परिवार और गांव के अन्य लोगों के साथ शोषण किया जा रहा है।
शिकायत के अनुसार, एक व्यक्ति ने नियमित मजदूरी, भोजन, रहने और बीमारी के दौरान इलाज की सुविधा देने का वादा कर श्रमिकों को गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के काम के लिए महाराष्ट्र ले गया था। लेकिन वहां पहुंचने के बाद उनसे सुबह से रात 9 बजे तक काम कराया जाने लगा। इसके बावजूद उन्हें तय समय पर साप्ताहिक मजदूरी नहीं दी गई।
श्रमिकों ने पर्याप्त राशन नहीं मिलने, बीमार होने के बावजूद काम कराने और मारपीट व दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत भी की थी।
कलेक्टर के निर्देश पर गठित हुई संयुक्त टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने 14 नवंबर 2026 को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर महाराष्ट्र के सोलापुर भेजी गई।
टीम ने मौके पर पहुंचकर श्रमिकों की स्थिति का जायजा लिया। शिकायतों की पुष्टि होने के बाद सोलापुर जिला प्रशासन के सहयोग से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया गया।
20 नवंबर को सभी श्रमिकों की हुई घर वापसी
बचाव अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर समेत अन्य गांवों के 35 श्रमिकों को वापस लाया गया। वहीं जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिक भी अपने घर पहुंचे।
सभी 40 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के बाद उनके परिवारों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने प्रशासन की कार्रवाई के लिए आभार जताया।
प्रशासन ने श्रमिकों से की सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाने वाले श्रमिकों से ठेकेदार और बिचौलियों की पूरी जानकारी लेने की अपील की है। साथ ही कार्यस्थल, मजदूरी और रहने की व्यवस्था के बारे में पहले से जानकारी जुटाने की सलाह दी है।
