Site icon AB News24.in

CG News: राष्ट्रीय खेल दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने किया फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन… ‘हमारे खिलाड़ी’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन

रायपुर, 30 अगस्त। Cg News: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के गौरवशाली खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का भी विमोचन किया।

फोटो प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की खेल विभूतियों के जीवन, संघर्ष, उपलब्धियों और खेल जगत में उनके योगदान को छायाचित्रों एवं रोचक जानकारियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे सहित प्रदेश की अनेक खेल विभूतियों के योगदान को प्रमुखता से दर्शाया गया। वीर हनुमान सिंह के जीवन और उनकी खेल साधना को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की इस पहल की सराहना की। प्रदर्शनी में खिलाड़ियों के संघर्ष से सफलता तक के सफर और प्रेरक प्रसंगों को भी शामिल किया गया है, ताकि युवा खेलों के प्रति प्रेरित होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आगे बढ़ सकें।

इस अवसर पर विमोचित कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के जीवन परिचय, खेल यात्रा, उपलब्धियों और योगदान को आकर्षक छायाचित्रों के साथ संकलित किया गया है। यह पुस्तक प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को दस्तावेजीकृत करने के साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध खेल विरासत को नई पीढ़ी से परिचित कराने का माध्यम बनेगी।

फोटो प्रदर्शनी और कॉफी टेबल बुक को खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार किया गया है। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विजय बघेल सहित विधायक, खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Exit mobile version