बालोद, 29 जुलाई। CG News: बालोद जिले के भैसबोड़ गांव में स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। बुधवार को ग्रामीणों ने सड़क के बीचों-बीच धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इस दौरान ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर भी मौके पर पहुंचे और जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, गांव में राम मंदिर से मड़ई चौक तक करीब 16 लाख 15 हजार रुपये की लागत से सड़क निर्माण के लिए मंडी बोर्ड द्वारा 12 दिसंबर 2024 को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद 4 सितंबर 2025 को निर्माण कार्य का वर्क ऑर्डर जारी किया गया। निर्धारित समय-सीमा के अनुसार तीन महीने में सड़क निर्माण कार्य पूरा होना था, लेकिन लगभग एक साल बीत जाने के बाद भी काम शुरू नहीं हो पाया है।
बरसात के मौसम में ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों की मांग के बाद सड़क निर्माण को मंजूरी मिली थी, लेकिन वर्क ऑर्डर जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे। उनका कहना है कि शासन-प्रशासन को अब उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, ताकि बरसात के दिनों में लोगों को राहत मिल सके।

