रायपुर, 26 नवम्बर। CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में प्रदेशभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंची मां पूर्णिमा साहू की गुहार पर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाई और बच्चे के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका बेटा पार्थ प्रीमैच्योर पैदा हुआ था। जन्म के समय उसकी हालत कमजोर होने के कारण उसे करीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। अब तीन साल की उम्र में भी वह शारीरिक रूप से कमजोर है। उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है और डॉक्टरों ने उसे मोतियाबिंद की समस्या बताई है।
परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने आंखों में लेंस प्रत्यारोपण के इलाज पर लाखों रुपये खर्च होने की जानकारी दी है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बेटे का महंगा इलाज कराना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा है। इसी उम्मीद के साथ पूर्णिमा अपने बच्चे को लेकर मुख्यमंत्री के जनदर्शन में पहुंची थीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मां की परेशानी और बच्चे की स्वास्थ्य संबंधी समस्या को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्थ के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आर्थिक तंगी उसके इलाज में बाधा न बने।

