बालोद, 19 अगस्त। CG News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की लोकगायिका हेमलता पटेल ने अपनी सीजेरियन डिलीवरी के दौरान ऑपरेशन थिएटर में भरथरी गीत गाकर सभी को हैरान कर दिया। एनेस्थीसिया देने के बाद भी हेमलता मुस्कुराती रहीं और उन्होंने गीत गाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज से पूरा ऑपरेशन थिएटर गूंज उठा।
हेमलता ने भरथरी की पारंपरिक पंक्तियां गाते हुए ‘पहली मैं सुमिरन गणेश ल…’ से गीत की शुरुआत की। ऑपरेशन के दौरान उनका आत्मविश्वास और लोककला के प्रति लगाव देखकर डॉक्टर और अस्पताल का स्टाफ भी प्रभावित हुआ।
सफल रहा ऑपरेशन, बेटे को दिया जन्म
डॉक्टरों के मुताबिक सीजेरियन ऑपरेशन सफल रहा। हेमलता ने एक बेटे को जन्म दिया। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
ऑपरेशन थिएटर में हेमलता के भरथरी गीत गाने का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा हो रही है। लोग उनके हौसले, आत्मविश्वास और छत्तीसगढ़ी लोककला के प्रति लगाव की तारीफ कर रहे हैं।

