दुर्ग, 3 अगस्त। CG News: दुर्ग में 4.39 करोड़ रुपये की जमीन डील अब कानूनी विवाद में बदल गई है। कोर्ट के आदेश पर कांग्रेस नेत्री और भिलाई नगर निगम की एमआईसी सदस्य रीता सिंह, उनके पति रमेश चंद्र सिंह और बेटे मानवचंद सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2022 में 25 एकड़ जमीन का सौदा 4.50 करोड़ रुपये में तय हुआ था। इसके तहत 4.39 करोड़ रुपये रीता सिंह, उनके पति और बेटे के बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए। इसके बाद केवल 7 एकड़ जमीन की ही रजिस्ट्री कराई गई।
शिकायत में आरोप है कि बाकी जमीन की रजिस्ट्री कराने के बजाय फर्जी इकरारनामा और दस्तावेज तैयार कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई। जब जमीन की मांग की गई तो आरोपियों ने सौदे की शर्तें पूरी नहीं कीं।
मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने उतई थाना पुलिस को तीनों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। कोर्ट ने पुलिस से 15 दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट भी पेश करने को कहा है।
अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दस्तावेजों के साथ बैंक लेनदेन सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

