रायपुर, 22 अगस्त। CG News: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी (कीट विज्ञान) परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने या विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पांच सदस्यीय जांच समिति गठित
CM साय के निर्देश पर मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की है। वहीं, प्रकरण में तेलीबांधा थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।
प्रश्नपत्र के प्रसारण की पूरी कड़ी का पता लगाने के लिए मामले की तकनीकी जांच में साइबर सेल की मदद भी ली जा रही है।
अधिकारियों को लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और मामले से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन को भविष्य में होने वाली परीक्षाओं में प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करने को कहा गया है।
प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर उसके सुरक्षित रख-रखाव, परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और परीक्षा शुरू होने तक की पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।

