Site icon AB News24.in

CG News: सीएम साय शिव महापुराण कथा में शामिल हुए… सुख-समृद्धि की कामना

भिलाई, 23 अगस्त। CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ भिलाई नगर के जयंती स्टेडियम के पास आयोजित सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के अंतिम दिन शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से व्यासपीठ की पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।

कथा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई में पिछले सात दिनों से शिवभक्ति की धारा बह रही है। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण कथा के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिला।

छत्तीसगढ़ में प्राचीन शिवधामों की समृद्ध परंपरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान शिव की आराधना और शक्ति उपासना की प्राचीन परंपरा से समृद्ध है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में हटकेश्वर महादेव, भोरमदेव, कुलेश्वर महादेव, चम्पेश्वर महादेव, भूतेश्वर महादेव, गंधेश्वर महादेव और मधेश्वर महादेव जैसे प्रमुख शिवधाम आस्था के केंद्र हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ तीर्थ स्थलों के विकास पर भी काम कर रही है।

शक्तिपीठों को चारधाम की तर्ज पर विकसित करने की योजना

सीएम साय ने बताया कि कुदरगढ़ी माता, मां चंद्रहासिनी, मां महामाया, मां बम्लेश्वरी और मां दंतेश्वरी जैसे प्रमुख शक्तिपीठों को चारधाम की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के लिए भी प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को दोबारा शुरू किया गया है। वहीं श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के तहत अब तक छत्तीसगढ़ के 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।

पंडित प्रदीप मिश्रा का किया अभिनंदन

मुख्यमंत्री साय ने कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का अभिनंदन करते हुए कहा कि वे शिव महापुराण कथा के माध्यम से भगवान शिव की महिमा, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भिलाई में लगातार तीसरी बार शिव महापुराण कथा का आयोजन होना श्रद्धालुओं की भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति, सहयोगियों और सभी शिवभक्तों को सात दिवसीय कथा के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Exit mobile version