Site icon AB News24.in

CG News: स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर CM साय ने किया नमन

रायपुर, 14 अगस्त। CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में श्रद्धेय स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने जूदेव के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव का पूरा जीवन राष्ट्र, समाज और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने जनजातीय समाज के हितों की रक्षा, उनके स्वाभिमान और सामाजिक जागरण के लिए लंबे समय तक काम किया। जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता ने उन्हें लोगों के बीच विशेष पहचान दिलाई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव का छत्तीसगढ़ की माटी और यहां के लोगों से गहरा जुड़ाव था। खासकर जनजातीय क्षेत्रों में उन्होंने समाज को संगठित करने, लोगों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी आवाज को मजबूती देने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

उन्होंने कहा कि जूदेव का जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकार और संस्कृति-परंपराओं के प्रति निष्ठा का प्रेरणादायक उदाहरण है। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित होकर काम करने की प्रेरणा देते रहेंगे।

इस दौरान प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव, निर्माता-निर्देशक डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी और छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version