रायपुर, 08 अगस्त। CG News: राजधानी रायपुर के चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेन समाज के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए देने का ऐलान किया। साथ ही नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर चौक का नामकरण करने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। जन्म, विवाह और मृत्यु जैसे सामाजिक संस्कारों में सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि समाज ने अपनी पारंपरिक सेवाओं के साथ सामाजिक समरसता और संस्कारों को मजबूत करने में भी योगदान दिया है।
सेन समाज के कल्याण पर सरकार का फोकस
सीएम साय ने कहा कि सरकार सेन समाज की जरूरतों और मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने बताया कि केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के माध्यम से पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। कार्यक्रम में सेन समाज के प्रशिक्षित युवाओं को किट भी वितरित किए गए।
कर्पूरी ठाकुर को बताया समाज का गौरव
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जैसे महान नेता का सेन समाज से होना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।
सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी
सीएम साय ने प्रदेश में चल रही सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए दिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत होने की बात भी कही।
उन्होंने किसानों, भूमिहीन कृषि मजदूरों, युवाओं और पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सेन समाज के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक रिकेश सेन, सेन समाज केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास समेत समाज के कई प्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

